Haryana हरियाणा: अंबाला एसटीएफ और सीआईए-2 टीम की शनिवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में नोनी राणा गैंग के एक शूटर से मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने शूटर को घायल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया. उसके पैर में गोली लगी है. बदमाश को घायल अवस्था में लाडवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां उसका इलाज चल रहा है. इस मुठभेड़ में एक एसटीएफ कर्मी को भी गोली लगी है. गनीमत रही कि कर्मी ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिस कारण वह बाल-बाल बच गया. सीआईए-2 प्रभारी मोहन लाल ने बताया है कि शूटर का नाम प्रवीण है. वह लाडवा के विकास नगर का रहने वाला है. पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी|
इस संबंध में हमें सूचना मिली कि वह लाडवा के जंधेड़ी गांव में घूम रहा है. गुप्त सूचना के बाद गांव जंधेड़ी में जाल बिछाया गया. पुलिस को देखकर बदमाश बाइक समेत गिर गया और छिपने की कोशिश करने लगा. वह वहां से भागकर एक आम के बाग में पहुंच गया. पुलिस टीमें भी उसका पीछा करते हुए पहुंच गईं और बदमाश को बाग में ही घेर लिया। उसे घेरने के बाद प्रवीण को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने पुलिस पर करीब 5 राउंड फायर किए।
प्रभारी ने बताया कि बदमाश की एक गोली पुलिसकर्मी को भी लगी। हालांकि पुलिसकर्मी ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने क्रॉस फायरिंग भी की। इस दौरान शूटर के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी शूटर ने यमुनानगर में फायरिंग की थी। उसने प्लाईवुड कारोबारी हिमांशु विज के घर के सामने करीब 4 राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद उसने कारोबारी के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी और 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
Tags: