हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में बरवाला-अग्रोहा रेलवे लाइन पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने मंगलवार को बरवाला स्थित श्री गौरक्षा सेवा समिति गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी पूजन समारोह के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से रेलवे फाटक बंद होने के कारण लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

समारोह में मंत्री रणबीर गंगवा ने गोपूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने गोवंश संरक्षण को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि गोसेवा के लिए सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने दो गौशालाओं को कुल 34.79 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इसके अलावा दिव्यांग गौशाला के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मंत्री गंगवा ने बताया कि 12 दिसंबर को बरवाला में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। उन्होंने गोवंश संरक्षण के लिए सामाजिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

Tags: