Haryana हरियाणा: सीआईए टोहाना पुलिस ने एक नशा सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करोड़ों रुपए कीमत की 4 किलो 5 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपए है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव बखोरा निवासी जगसीर के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शहर थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशा पंजाब के अमृतसर से लेकर आया है, जिसके लिए आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि आगामी कार्रवाई की जा सके।
बैग से 4 किलो हेरोइन बरामद
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि सीआईए प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार की पुलिस टीम नशे की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी, जब पुलिस टीम इंदिरा कॉलोनी टोहाना के पास पहुंची तो पुलिस टीम को सामने से एक युवक आता हुआ दिखाई दिया, तो पुलिस टीम ने शक के आधार पर उससे पूछताछ की तो आरोपी ने अपना नाम जगसीर बताया। पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसके बैग से 4 किलो हेरोइन बरामद हुई। \
एसपी ने बताया कि तीन दिन पहले पुलिस ने शहर में 270 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने बताया था कि वे जगसीर से नशा लेकर आए हैं और अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी जगसीर उर्फ जग्गा की उम्र करीब 27 साल है और वह पिकअप चालक का काम करता था। वह पिछले कुछ समय से हेरोइन की तस्करी में संलिप्त है। एसपी से पूछा गया कि अगर आरोपी अमृतसर से नशा लेकर आया है तो क्या इसके तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं।
एसपी ने कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता लेकिन गंभीरता से जांच की जाएगी ताकि आरोपी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इससे पहले वह दो बार अमृतसर से एजेंट बनकर नशा ला चुका है और सप्लाई कर चुका है, लेकिन इस बार उसके मन में लालच आ गया तो वह खुद ही सप्लायर से नशा लेकर आया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में नशे के 33 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें 54 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।