Haryana हरियाणा : साल के पहले दिन सोनीपत से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोनीपत के राजपुर गांव में दिल्ली पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दलबीर के रूप में हुई है। दलबीर दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर थे और सिर्फ चार महीने पहले ही रिटायर हुए थे। वह दिव्यांग थे, इसी वजह से उन्होंने दिल्ली पुलिस से जल्दी रिटायरमेंट ले लिया था। रिटायर होने के बाद वह अपने गांव राजपुर में रह रहे थे। उन्होंने गांव में एक फैक्ट्री बनाई थी और वहीं अकेले रहते थे। मंगलवार को फैक्ट्री के अंदर उनका खून से लथपथ शव मिला।
अज्ञात हमलावरों ने रिटायर्ड अधिकारी दलबीर को उनकी ही बैसाखियों से पीट-पीटकर मार डाला, जिससे गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जैसे ही गांव में शव मिलने की खबर फैली, दहशत फैल गई। सोनीपत पुलिस के सीनियर अधिकारियों और क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना दी गई और वे तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मृतक के बेटे ने बताया कि उसके पिता दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर थे और हाल ही में रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने गांव में एक फैक्ट्री बनाई थी और वहीं अकेले रहते थे। संदीप ने शक जताया है कि गांव का ही कोई व्यक्ति उसके पिता की हत्या के लिए जिम्मेदार है।
मौके पर पहुंचे ACP ऋषिकांत ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर दलबीर के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री परिसर में रह रहे थे। शुरुआती जांच से पता चला है कि दलबीर को उनकी ही बैसाखियों से पीट-पीटकर मारा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मामला दर्ज कर लिया है और सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है, साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
Tags: