Haryana Crime : महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 5 वर्षीय मासूम बेटी की हत्या
Haryana Crime : हरियाणा के जींद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 35 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसकी 5 वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि बच्ची के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही श्मशान घाट में दफना दिया गया। प्रशासन को सूचना मिलते ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को श्मशान घाट से बाहर निकाला गया। बच्ची की मां कूड़े के ढेर के पास बेहोशी की हालत में मिली। शहर थाना पुलिस ने इस जघन्य अपराध के चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या, सामूहिक दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार कूड़ा बीनने का काम करता है। मंगलवार रात को उसके पति का पड़ोस में रहने वाले अमित (बदला हुआ नाम) से झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में उसका पति घायल हो गया, लेकिन पुलिस में शिकायत देने पर समझौता हो गया। रात को महिला का पति बाहर गया हुआ था और वह अपने तीन बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रही थी। तभी आरोपी अमित अपने तीन साथियों के साथ आया। उन्होंने महिला को बेहोश कर दिया और उसे व उसकी 5 साल की बेटी को उठाकर कूड़े के ढेर में ले गए।
वहां उन्होंने बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद चारों आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला पूरी रात कूड़े के ढेर में बेहोश पड़ी रही। सुबह किसी ने उसे देख लिया और झोपड़ी में छोड़ गया। इस बीच बच्ची के शव को बिना किसी औपचारिकता के श्मशान घाट में दफना दिया गया। गुरुवार को जब महिला को होश आया तो उसने सारी बात अपने पति को बताई।
इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची के शव को श्मशान घाट से निकलवाया। शहर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, सामूहिक दुष्कर्म व अन्य अपराधों का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।