Haryana Crime: पानीपत थाना तहसील कैंप एरिया की जसबीर कॉलोनी में श्रमिक राकेश कुमार (35) की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने बहू के साथ हुई बदतमीजी का विरोध किया था। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मृतक के चचेरे भाई शिव कुमार ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गांव फतेहपुर का रहने वाला है। तहसील कैंप की जसबीर कॉलोनी में किराए पर रहता है। साथ में ताऊ का बेटा राकेश व भतीजा भी कमरा किराये पर लेकर रहता है। राकेश फैक्ट्री में काम करता था। कॉलोनी का रहने वाले आरोपी अमन ने बहू पर अभद्र टिप्पणी की।
बहू ने अपने चाचा राकेश को बताया। इस पर राकेश ने आरोपी की हरकत पर विरोध जताया। उनके बीच इसी बात पर कहासुनी भी हुई। फिर मामला सुलझ गया। कुछ समय बाद राकेश नीचे गली में घूम रहा था। आरोप है कि तभी अमन साथियों संग आया और राकेश पर पेचकस से हमला कर दिया। गर्दन के पास वार होने पर उसे गंभीर चोट आई। आरोपी मौके से फरार हो गए। वह राकेश को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। राकेश शादीशुदा है। राकेश का परिवार यहीं रह रहा है।