जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर हादसा, कंडक्टर की गई जान
ट्राले की चपेट में आया कंडक्टर, एक्सप्रेसवे पर तोड़ा दम
जींद: 10 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कटरा नेशनल एक्सप्रेस हाइवे पर शनिवार को गांव कालवा के पास सड़क हादसे में पिकअप गाड़ी के कंडक्टर की मौत हो गई। पिकअप का टायर पंक्चर होने के कारण कंडक्टर सड़क किनारे टायर बदलवाने में मदद कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्राले ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। करीब एक किलोमीटर आगे ट्राले ने एक अन्य टाटा मैजिक को भी टक्कर मार दी। जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को पिकअप चालक गांव बाटा (कैथल) निवासी सुखदेव आलू लेकर गोहाना जा रहा था। गांव कालवा के पास हाइवे पर पिकअप का ड्राइवर साइड वाला टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद चालक ने गाड़ी रोक दी और कंडक्टर नीटू (32) टायर बदलने में मदद करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्राले ने नीटू को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आरोप है कि करीब एक किलोमीटर आगे ट्राले ने आलू लेकर जा रही टाटा मैजिक को भी साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टाटा मैजिक पलट गई।
इसमें सवार चालक गांव बाटा (कैथल) गोविंद, कंडक्टर मुकेश को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।