Haryana Crime: हरियाणा के पानीपत में एक माह पहले डेयरी संचालक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। डेयरी पर पार्ट टाइम काम करने वाले युवक ने मारपीट का बदला लेने के लिए डेयरी संचालक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि 10 मार्च को तहसील कैंप क्षेत्र की हरिसिंह कॉलोनी निवासी पशु डेयरी संचालक जल सिंह की हत्या कर दी गई थी। सुबह उसका शव डेयरी में मिला था।
घटना के बाद एसपी ने हत्याकांड को सुलझाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं। पिछले एक माह से पुलिस हत्याकांड को सुलझाने में लगी हुई थी। शुक्रवार को पुलिस ने एक आरोपी तारा सिंह उर्फ आशीष निवासी कंसूरी यूपी फिलहाल जावा कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कभी-कभी डेयरी पर पार्ट टाइम काम करने के लिए जल सिंह के पास आता था। इसके लिए वह उससे कुछ पैसे भी लेता था।
एक दिन काम करने के दौरान जल सिंह ने उसके साथ मारपीट की। जिसके चलते वह काम पर नहीं गया। कुछ दिन बाद वह फिर से काम पर जाने लगा। 10 मार्च की शाम को उसने नशीली दवाई से भरी बीड़ी पी। इसके बाद तारा ने ईंट से सिर पर वार कर जल सिंह की हत्या कर दी। सीआईए-1 की टीम ने आरोपी को सेक्टर-13-17 हेलीपैड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को एक दिन के कस्टडी रिमांड पर लिया गया है।