Haryana : गौरक्षकों ने ट्रक में मवेशी ले जा रहे 2 लोगों को नहर में फेंका, एक की मौत
Haryana हरियाणा: हरियाणा के पलवल जिले में कुछ गौरक्षकों ने कथित तौर पर दो लोगों की पिटाई की और उन्हें नहर में फेंक दिया। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इनमें से एक व्यक्ति किसी तरह तैरकर नहर से बाहर निकल आया, लेकिन दूसरे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले में 11 में से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि अंधेरे के कारण ट्रक चालक रास्ता भटक गया और गौरक्षकों ने उसे पकड़ लिया।
'रात के अंधेरे में रास्ता भटक गया ट्रक चालक'
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने 22 फरवरी को गौ तस्करी के शक में पलवल जिले में एक ट्रक को रोका था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक राजस्थान से लखनऊ मवेशियों को लेकर जा रहा था। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रक चालक रात के अंधेरे में रास्ता भटक गया और हरियाणा के पलवल पहुंच गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना पलवल में ही हुई जहां बाइक सवार आरोपियों ने ट्रक चालक और हेल्पर को रोका और उनकी बुरी तरह पिटाई की। उन्होंने बताया कि चालक और हेल्पर की पिटाई करने के बाद आरोपियों ने उन्हें नहर में फेंक दिया।
पलवल के पुलिस उपाधीक्षक (अपराध) मनोज वर्मा ने मंगलवार को बताया, ''ट्रक चालक बालकिशन तैरकर सुरक्षित निकल गया, लेकिन हेल्पर संदीप का शव रविवार को नहर से निकाल लिया गया।'' अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराज, निखिल, नरेश, पवन और पंकज के रूप में हुई है जो पलवल, गुड़गांव और नूंह जिले के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि संदीप की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे कई गंभीर चोटें आई थीं। वर्मा ने बताया कि चालक ने गायों के परिवहन से संबंधित कुछ दस्तावेज दिखाए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।