Haryana: रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हालत में युवक का शव मिला, हत्या का आशंका
Haryana हरियाणा: काबड़ी गांव के 28 वर्षीय पुरुषोत्तम का शव शनिवार को दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर आजाद नगर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को एंबुलेंस में रखकर काबड़ी गांव के बाहर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुरुषोत्तम ने चार महीने पहले रूबी से प्रेम विवाह किया था।
वह अपनी पत्नी के साथ घर जमाई बनकर रह रहा था। जीआरपी और पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। जीआरपी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
काबड़ी के राहुल ने बताया कि उसके छह भाई-बहन हैं। पुरुषोत्तम उनमें पांचवें नंबर का था और एक रिफाइनरी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। पुरुषोत्तम ने 3 मार्च को राजनगर की रूबी से प्रेम विवाह किया था। रूबी एक निजी बैंक में कार्यरत है। पुरुषोत्तम शादी के 10 दिन बाद ही पत्नी के साथ राजनगर स्थित मायके में रहने लगा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे पुरुषोत्तम का शव पानीपत दिल्ली रेलवे लाइन पर आजाद नगर में मिला।
जीआरपी ने इसकी सूचना उसकी पत्नी रूबी को फोन पर दी। रूबी ने उसे फोन किया। परिजन जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे और हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने गांव के बाहर चौराहे पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया।