Haryana: झाड़ियों में पड़ा मिला युवक का शव, नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका

Update: 2025-08-04 01:44 GMT
Haryana हरियाणा: न्यू ऋषि नगर निवासी 24 वर्षीय भूपेंद्र का शव रविवार शाम 5 बजे ऑटो मार्केट फेज-3 की झाड़ियों में पड़ा मिला। पास में ही एक खाली सिरिंज पड़ी थी। युवक की नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। युवक सुबह करीब 10 बजे घर से बाइक पर निकला था। पुलिस सोमवार को शवगृह में शव का पोस्टमार्टम कराएगी। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट होगा। सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
न्यू ऋषि नगर के लोगों ने जिला नागरिक अस्पताल में बताया कि भूपेंद्र महेंद्रगढ़ की एक यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा था। वह 2 बहनों का इकलौता भाई था। 18 जुलाई को उसके परिवार में किसी की मौत हो गई थी और 30 जुलाई को तेरहवीं थी, जिसके चलते भूपेंद्र इन दिनों घर आया हुआ था। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने परिजनों को यह कहकर बाइक पर निकला कि वह किसी काम से ऑटो मार्केट जा रहा है। उसने यही बात मिलगेट निवासी अपने दोस्त दीपक को फोन पर बताई। दोपहर को जब परिजनों ने भूपेंद्र के फोन पर संपर्क किया तो एक युवक ने कॉल रिसीव की और लड़खड़ाती आवाज में बात की।
शाम करीब पांच बजे डायल 112 पर किसी ने कॉल कर सूचना दी कि ऑटो मार्केट फेज-3 में एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है। युवक पास में ही मौजूद था। बाद में डायल 112 के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बेहोश युवक व उसके दोस्त को एंबुलेंस से जिला नागरिक अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिटी थाना प्रभारी मोहम्मद रफीक ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
Tags:    

Similar News