हांसी। हरियाणा के हांसी स्थित ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। किला देखने पहुंची एक छात्रा अचानक संतुलन बिगड़ने से करीब 50 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घायल छात्रा की पहचान अंजली के रूप में हुई है। वह सोखी की रहने वाली बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया।

करीब 50 फीट नीचे पड़ी थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, किला बाजार चौकी पर तैनात होमगार्ड जवान राजेश को एक युवक ने सूचना दी कि किले से एक लड़की नीचे गिर गई है। इसके बाद राजेश एक फौजी और अन्य लोगों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

ऊपर से देखने पर छात्रा करीब 50 फीट नीचे पड़ी दिखाई दी। इसके बाद जवानों ने नीचे उतरकर छात्रा तक पहुंचने की कोशिश की और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जवानों ने नीचे उतरकर किया रेस्क्यू

होमगार्ड जवान और अन्य लोगों ने घायल छात्रा को उठाया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित स्थान तक लेकर आए। इसके बाद डायल 112 एंबुलेंस को सूचना दी गई। छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

गंभीर चोटों को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। छात्रा का इलाज अग्रोहा में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को भी दे दी गई है।

वीडियो बनाते रहे लोग, मदद के लिए कम आए आगे

रेस्क्यू में शामिल होमगार्ड जवान ने बताया कि घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, लेकिन घायल छात्रा की मदद के लिए बहुत कम लोग आगे आए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना के समय मोबाइल से वीडियो बनाने के बजाय पीड़ित की मदद को प्राथमिकता देनी चाहिए। समय पर मिलने वाली सहायता किसी घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

हादसा कैसे हुआ, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा किन परिस्थितियों में किले से नीचे गिरी। प्रारंभिक तौर पर संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

किला चौकी प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक छात्रा को गंभीर हालत में अग्रोहा रेफर किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags: