Gujarat गुजरात: गुजरात के बनासकांठा जिले में एक कार (एसयूवी) और बस के बीच हुई टक्कर में एक दंपति और उनके दो बेटों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे अमीरगढ़ कस्बे के पास हुआ।
पुलिस ने बताया कि 'स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल' (एसयूवी) से टकराने वाली बस राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम की थी। अमीरगढ़ के पुलिस निरीक्षक एसके परमार ने बताया, "दुर्घटना उस समय हुई जब बस राजस्थान के सिरोही की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि एसयूवी का चालक लापरवाही से हाईवे पर गलत दिशा में गाड़ी चला रहा था और हादसे में चालक की भी मौत हो गई।"
उन्होंने बताया कि एसयूवी चालक दिलीप खोखरिया (32) के अलावा चार अन्य की भी इस हादसे में मौत हो गई। परमार ने बताया कि हादसे में बस में सवार छह लोगों समेत नौ लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान खोखरिया की पत्नी मेवलीबेन (28) और उनके दो बेटों रोहित (6) और ऋत्विक (3) के रूप में हुई है।
दूसरी मृतक की पहचान सुंदरीबेन सोलंकी (60) के रूप में हुई है। ये सभी अमीरगढ़ तालुका के धनपुरा के निवासी थे। परमार ने कहा, "एसयूवी चालक गलत दिशा से राजमार्ग पर आया और उसका वाहन बस से टकरा गया। बस अहमदाबाद से सिरोही जा रही थी। हालांकि बस चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका क्योंकि एसयूवी गलत दिशा से आ रही थी।