गांव-गांव बनेगी लाइब्रेरी, अमित शाह ने लॉन्च किया ग्रामीण ज्ञान सेतु ऐप
Gandhinagar गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में ग्रामीण ज्ञान सेतु ऐप लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के बीच पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए गांव-गांव छोटी लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को उनके गांव में ही किताबों और ज्ञान के संसाधनों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है। अमित शाह ने बताया कि यह पहल कुछ दिन पहले उनके गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शुरू की गई थी। भाजपा कार्यकर्ता गांवों में छोटी लाइब्रेरी तैयार करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी ऐसी जगह होनी चाहिए, जो स्कूल के पास और गांव के केंद्र में हो, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे आसानी से वहां पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि करीब 63 लाइब्रेरी स्थापित करने का काम पूरा हो चुका है। गांधीनगर, कलोल और साणंद विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में छोटी लाइब्रेरी तैयार की जा रही हैं। इन पुस्तकालयों में शुरुआत में चार से पांच किताबें उपलब्ध कराने की योजना है। अमित शाह ने कहा कि उन्होंने स्वयं इस पहल की निगरानी की है और बच्चों के लिए उपयोगी तथा विविध विषयों की किताबों की सूची भी तैयार की है।
ज्ञान से लेकर करियर तक की किताबें
अमित शाह के मुताबिक, बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के लिए लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान से लेकर रोचक कहानियों तक की किताबें रखी जाएंगी। इनमें अलादीन का चिराग और सिंदबाद की यात्राओं जैसी कहानियां भी शामिल होंगी। उनका उद्देश्य बच्चों को पढ़ने की आदत डालना और धीरे-धीरे उन्हें ज्ञान की व्यापक दुनिया से जोड़ना है। इन पुस्तकालयों में बच्चों के करियर और शिक्षा में उपयोगी किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही मूल पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों के अलावा गुजरात का इतिहास, भारत का इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और 1857 का विद्रोह जैसे विषयों से जुड़ी किताबें भी रखी जाएंगी। अमित शाह ने कहा कि गांव के हर बच्चे को जरूरी किताबें अपने गांव में ही उपलब्ध होनी चाहिए। ग्रामीण ज्ञान सेतु पहल के जरिए बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनके ज्ञान और भविष्य की तैयारी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।