प्रेमिका के सामने टोके जाने पर युवक का हमला, कारोबारी पर चाकू से वार

छग

Update: 2026-05-18 17:58 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के संचालक पर एक युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कारोबारी गुड्डू मिश्रा की जांघ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक संदेही को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 17 मई 2026 की है। उस दिन सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सरस्वती स्टील में कार्यरत एक कर्मचारी को उसके मालिक की ओर से रहने के लिए कमरा उपलब्ध कराया गया था, जहां वह अपनी पत्नी के साथ निवास करता था।

घटना के दिन उक्त कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया हुआ था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को देकर गया था। इसी दौरान उसका दोस्त अपनी प्रेमिका या मंगेतर के साथ उस कमरे में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी समय सरस्वती स्टील के संचालक गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और उन्होंने युवक को इस प्रकार की गतिविधियों को लेकर समझाइश दी। सूत्रों के अनुसार, समझाइश के बाद युवक वहां से यह कहते हुए चला गया कि वह आगे से ऐसी गलती नहीं करेगा। लेकिन प्रेमिका के सामने टोके जाने से वह आक्रोशित हो गया और उसने रंजिश पाल ली। कुछ समय बाद युवक चाकू लेकर वापस कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाकर “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर दरवाजा खुलवाया।

जैसे ही दरवाजा खोला गया, आरोपी ने गुड्डू मिश्रा पर चाकू से हमला कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। हमले में कारोबारी की जांघ के ऊपर गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 333, 351(3), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदेही को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। थाना सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags:    

Similar News