नन्हीं बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, साथ में दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिले के विभिन्न स्कूलों से नन्हीं बच्चियां सिटी कोतवाली थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। इस दौरान राखी के साथ साइबर जागरूकता अभियान का संदेश भी दिया गया। राखी बांधने वालों में बचपन स्कूल, बलौदाबाजार और अहिल्या इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, लाहोद सहित जिले के कई स्कूलों की छात्राएं शामिल रहीं। नन्हीं छात्राओं के थाने पहुंचने से पुलिस परिसर में उत्साह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
रक्षाबंधन के इस आयोजन को साइबर जागरूकता अभियान से भी जोड़ा गया। पुलिस ने छात्राओं और उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, बैंक डिटेल और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सावधानी से साझा करने की अपील की गई। पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। इस अवसर पर पुलिस ने संदेश दिया कि “राखी का प्यार साइबर सुरक्षा का उपहार। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ बच्चों और आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश भी दिया।