महिला की मौत के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्या का आरोपी गिरफ्तार
छग
Surguja. सरगुजा। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में एक महिला की डंडे से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 20 हजार रुपये नगद चोरी करने के संदेह में महिला मानकी उर्फ संतोषी के साथ मारपीट की थी। गंभीर चोट लगने के बाद महिला बेहोश हो गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे मानकी उर्फ संतोषी के साथ मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि संजय चौहान ने महिला पर 20 हजार रुपये चोरी करने का संदेह जताते हुए लकड़ी के डंडे से गंभीर रूप से हमला किया। मारपीट के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए सीतापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सीतापुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रार्थी संतोष यादव की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की। मृतिका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और घटना के समय उसके द्वारा पहना गया लोवर बरामद कर जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय चौहान पिता स्वर्गीय फुलसाय चौहान, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ठाकुरदिया, थाना मदनपुर, जिला रायगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में सीतापुर के खालबगीचा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीतापुर पुलिस ने गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने की बात कही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक रघुराम भगत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजलाल तथा आरक्षक राकेश यादव, धनकेश्वर यादव, मनोहर पैंकरा, शिव मूरत किंडो, अतुल कुमार शर्मा और रामप्रसाद लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।