चलते-फिरते पैथोलैब का वीडियो वायरल, बाइक पर ब्लड सैंपल लेने का मामला सामने आया

छग

Update: 2026-05-21 18:08 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बाइक पर बैठे मरीज का ब्लड सैंपल लेते हुए दिखाई दे रहा है। यह घटना शहर के विवेकानंद उद्यान और कंपनी कार्डन के पास की गली की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं और पैथोलैब की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो 20 मई का बताया जा रहा है। इसमें एक युवक चलते-फिरते तरीके से बाइक पर मरीज के पास पहुंचकर ब्लड सैंपल लेता नजर आ रहा है। इस दौरान न तो किसी तरह की मेडिकल सुविधा दिखाई देती है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा युवक रायपुर के लोधीपारा स्थित सेज पैथोलैब का सेल्स एग्जीक्यूटिव नरेंद्र पात्रे है। आरोप है कि वह बिना अधिकृत मेडिकल योग्यता के ब्लड सैंपल लेने का काम कर रहा था।

उसके पास मौजूद बैग में ब्लड कलेक्शन ट्यूब और अन्य उपकरण भी देखे गए हैं। मामले पर अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है। वहीं आरोपी युवक नरेंद्र पात्रे ने बताया कि वह सेज पैथोलैब में कार्यरत है और मरीज के बुलाने पर सैंपल लेने आया था। मरीज कोरबा का रहने वाला है और उसे किडनी की समस्या है। उसने कहा कि सैंपल रायपुर ले जाया जाना था। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग स्वास्थ्य विभाग से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News