Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महज 2 हजार रुपए के लालच में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लाद में आरोपियों ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर बुजुर्ग महिला का गला घोंट दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हत्याकांड में महिला के घर गाय-बैल चराने का काम करने वाला व्यक्ति, उसकी पत्नी और दोस्त शामिल थे। आरोपियों ने मिलकर पहले महिला को काबू किया और फिर नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली।

इसके बाद घर में रखे बैग से 2 हजार रुपए लेकर आपस में बांट लिए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला कोरबी चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान भगमतिया बाई (70) के रूप में हुई है। वह ग्राम लाद में सड़क किनारे बने अपने मकान में अकेली रहती थी। उसका बेटा बबलू मरकाम और बहू पास के ही दूसरे मकान में रहते थे। 19 नवंबर की रात भगमतिया बाई अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने चोरी की योजना को अंजाम देने के लिए उसके घर में प्रवेश किया और उसकी हत्या कर दी।

सुबह चारपाई पर मिला बुजुर्ग महिला का शव
20 नवंबर की सुबह मृतका की बहू रोज की तरह अपनी सास के घर पहुंची। घर का दरवाजा खुला हुआ था। जब वह अंदर गई तो भगमतिया बाई चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में नायलॉन की रस्सी बंधी हुई थी। यह दृश्य देखकर बहू घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के बेटे बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को कोरबी चौकी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य जुटाए गए। जांच में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। खोजी कुत्ता घटनास्थल से बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के कारण आगे की दिशा में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

गाय चराने वाले पर पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर गाय-बैल चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया (43) पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33) और दोस्त देव कुमार मरकाम (26) के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर बनाई हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार, इंद्रपाल काम के सिलसिले में कोरबा गया था। वापस लौटते समय बस में उसकी मुलाकात पुराने परिचित देव कुमार से हुई। इंद्रपाल उसे शराब पिलाने का लालच देकर अपने घर गोजापुर ले आया। वहां उसने अपनी बेटी को 100 रुपए देकर शराब मंगवाई। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और देव कुमार ने एक साथ बैठकर शराब पी। शाम के समय तीनों भगमतिया बाई के घर गाय-बैल चराने के काम के पैसे लेने पहुंचे। महिला ने उन्हें 500 रुपए दिए। इसके बाद तीनों ने वहीं बैठकर शराब पी। इसी दौरान उनकी नजर घर में रखी पेटी में मौजूद पैसों पर पड़ी। घर में रुपए देखकर तीनों के मन में लालच आ गया। उन्होंने रात में महिला के सो जाने के बाद घर में चोरी करने की योजना बनाई।

दो आरोपियों ने पकड़े हाथ-पैर, तीसरे ने की निगरानी
योजना के मुताबिक, रात में तीनों दोबारा भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देव कुमार को घर के बाहर निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई, जबकि इंद्रपाल और उसकी पत्नी राजकुमारी घर के अंदर दाखिल हुए। उस समय बुजुर्ग महिला सो रही थी। पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल ने महिला के हाथ पकड़ लिए, जबकि राजकुमारी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। इसके बाद दोनों ने घर में रखी पीले रंग की नायलॉन रस्सी से महिला का गला घोंट दिया। दम घुटने से भगमतिया बाई की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने घर में रखे बैग से 2 हजार रुपए निकाले और आपस में बांट लिए। इसके बाद तीनों अपने-अपने घर चले गए।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
पुलिस ने मामले में इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया और दोस्त देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। महज 2 हजार रुपए के लालच में एक बुजुर्ग महिला की हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
Tags: