Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन आघात के तहत दुलदुला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 8 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी अपने घर में गांजा छिपाकर रखे हुए था और उसे बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दुलदुला पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बंगुरकेला अखराडीपा निवासी राजकुमार दानी (32) अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ है। बताया गया था कि आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के लिए टीम गठित की।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घर में दी दबिश
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर पहुंचकर दबिश दी। इस दौरान गवाहों की मौजूदगी में संदेही राजकुमार दानी के मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को घर के एक कमरे में प्लास्टिक की बोरी रखी हुई मिली। जब बोरी को खोलकर जांच की गई तो उसमें प्लास्टिक रैपर में लिपटे गांजे के आठ पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने सभी पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें गांजा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से गांजा रखने और उसकी बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
8 किलो 250 ग्राम गांजा जब्त, कीमत करीब 4 लाख रुपए
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 8 किलो 250 ग्राम गांजा जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने घर में गांजा छिपाकर रखे हुए था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपी राजकुमार दानी के खिलाफ थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। गांजा कहां से लाया गया था और इसकी बिक्री के लिए किन लोगों से संपर्क किया जा रहा था, इस संबंध में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी ने कहा- अवैध कारोबार के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
जशपुर के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत दुलदुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ऑपरेशन आघात के तहत की गई इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।