Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो वाहन चोरों और एक चोरी के वाहन खरीददार सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 चोरी की दोपहिया वाहन और एक अन्य वाहन, यानी कुल 13 वाहन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा की गई। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी, जो लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही थी।
15 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दो व्यक्ति चोरी की दोपहिया वाहन बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम संतोष गुप्ता और असरफ अली बताया। पुलिस द्वारा जब वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो आरोपी कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके और गुमराह करने की कोशिश करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वाहन चोरी का है। आगे पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 12 दोपहिया वाहन चोरी कर चुके हैं।
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि चोरी किए गए वाहन वे कुंद्रापारा, गुढ़ियारी निवासी फैजान खान को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने फैजान खान को भी गिरफ्तार कर लिया, जो चोरी की बाइक खरीदने के मामले में संलिप्त पाया गया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 12 चोरी की दोपहिया वाहन और एक घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार गुप्ता (32 वर्ष, पंडरी क्षेत्र), असरफ अली (22 वर्ष, गंज क्षेत्र) और फैजान खान (25 वर्ष, गुढ़ियारी) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी संगठित तरीके से शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और चोरी के वाहनों को कम कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे। रायपुर पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।