Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपहरण के बाद युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के काशीराम नगर इलाके से एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसे कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में ले जाया गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने युवक की पहचान छिपाने के इरादे से उसके कपड़े उतारकर जला दिए और शव को गटर के मेनहोल में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया। इतना ही नहीं, मृतक की बाइक को भी शहर से दूर नदी में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी अपहरण की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, मृतक निरंजन पाल के परिजनों ने बुधवार को ही तेलीबांधा थाने पहुंचकर उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजन युवक के अचानक लापता होने से परेशान थे। इसी बीच पुलिस को मामले से संबंधित जानकारी मिली और जांच के दौरान युवक की हत्या का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने निरंजन पाल का काशीराम नगर इलाके से अपहरण किया था। इसके बाद उसे कमल विहार के सेक्टर-13 स्थित सुनसान इलाके में ले जाया गया।
कमल विहार के सेक्टर-13 में गला दबाकर हत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपहरण के बाद युवक को कमल विहार के सेक्टर-13 में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद युवक के कपड़े उतारकर जला दिए गए। इसके बाद शव को पास स्थित मेनहोल में डाल दिया गया और ऊपर से ढक्कन लगा दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।
बाइक को भी नदी में फेंककर छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की मोटरसाइकिल को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, युवक की बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि वारदात से जुड़े साक्ष्यों को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने बाइक को नदी में फेंका था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और अन्य परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होंगी।
दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम कमल विहार के सेक्टर-13 पहुंची। यहां बताए गए स्थान पर जांच करने के बाद पुलिस ने मेनहोल से निरंजन पाल का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की।
FSL टीम ने घटनास्थल पर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में युवक की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए दोनों संदेहियों से पूछताछ जारी है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।