पशु तस्करी मामले में 2 तस्कर गिरफ्तार, 2 भैंस-वाहन बरामद

छग

Update: 2026-06-08 14:25 GMT
Khairagarh-Chhuikhadan-Gandai. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिला केसीजी पुलिस ने गंडई थाना क्षेत्र में अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो भैंस और परिवहन में प्रयुक्त एक वाहन जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना गंडई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बिना नंबर की टाटा एस गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन में दो कमजोर भैंसों को क्रूरतापूर्वक बांधकर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र की ओर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिरखा क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

जांच के दौरान वाहन में दो भैंसें क्रूरतापूर्वक बंधी हुई पाई गईं। पुलिस ने मौके पर वाहन चालक और उसके सहयोगी से पूछताछ की, जिनकी पहचान जितेन्द्र धृतलहरे (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 रावणपारा, थाना गंडई और पीर अली (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09 गंडई के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों भैंसों को सुरक्षित करते हुए वाहन को भी जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति में दो भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 60,000 रुपये है, और बिना नंबर की टाटा एस गोल्ड वाहन, जिसकी कीमत लगभग 2,00,000 रुपये आंकी गई है, शामिल है। इस प्रकार कुल 2,60,000 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

इस मामले में थाना गंडई में अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि ऐसे मामलों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Tags:    

Similar News