दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास-ससुर गिरफ्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में एक नवविवाहिता ने कथित रूप से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में पति और सास-ससुर द्वारा मोटरसाइकिल तथा कार खरीदने के लिए दहेज में दो लाख रुपये मांगने और महिला को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने मामले में पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
शादी के एक साल बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका नीता पटेल (34 वर्ष), पति राकेश पटेल, ग्राम जैमुड़ा की निवासी थी। उसका विवाह करीब तीन वर्ष पहले गांव के ही बंधुराम पटेल के पुत्र राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती समय के बाद करीब एक वर्ष से पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल द्वारा कथित तौर पर उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं मिलने की बात कहकर नीता के साथ विवाद करते थे। इस दौरान उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना भी की जाती थी। इतना ही नहीं, करीब चार-पांच महीने पहले आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग की थी। इस मांग को लेकर भी महिला के साथ विवाद और मारपीट किए जाने की बात मर्ग जांच में सामने आई है।
19 अक्टूबर को घर में लगाई फांसी
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया। इसके बाद मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के मायके पक्ष के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों के कथनों में पति और सास-ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की जानकारी सामने आई।
जांच के बाद तीनों के खिलाफ FIR
मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक ने 4 नवंबर 2026 को आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने आगे की जांच और कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पति, सास और ससुर शामिल
पुलिस ने इस मामले में राकेश पटेल (34 वर्ष), पिता बंधुराम पटेल, बंधुराम पटेल (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय संपतलाल और शांति बाई पटेल (52 वर्ष), पति बंधुराम पटेल को गिरफ्तार किया है। तीनों ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में एसडीओपी सतीश भार्गव, थाना प्रभारी रोशन कौशिक, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और दहेज प्रताड़ना के मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।