Dongargaon. डोंगरगांव। जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा के पदभार संभालने के बाद से अपराध और अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाईयों ने यह संदेश दिया है कि जिले में कानून से ऊपर कोई नहीं है। इसी क्रम में डोंगरगांव में हाल ही में की गई कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि पुलिस किसी भी स्थिति में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पीछे नहीं हटती। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम राजाखुज्जी में मुखबिर द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने
छापेमारी
की। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी राजीव गिरी गोस्वामी उर्फ राजू गिरी गोस्वामी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 69 पाव देशी शराब जब्त की गई। स्थानीय महिलाओं ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए डोंगरगांव पुलिस को धन्यवाद दिया।

इसी दिन ग्राम साल्हे मार्ग पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए नुतन कुमार सिन्हा को 35 पाव अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में कुल 104 पाव (18.720 बल्क लीटर) शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 8,320 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर की गई इन कार्रवाइयों में राजनीतिक पहचान रखने वाले आरोपी पर किसी प्रकार की नरमी नहीं दिखाई गई। भाजपा से जुड़े पदाधिकारी पर हुई कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि अंकिता शर्मा की क्राइम को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति सत्ता और राजनीतिक दबाव से भी प्रभावित नहीं होती।

जिले में लगातार हो रही कार्रवाईयों ने अवैध कारोबारियों और अपराधियों के बीच डर का माहौल बना दिया है। पिछले पखवाड़े में डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े पांच पेटी शराब, एक स्कूटी और लगभग 48.600 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की थी। यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब कारोबारियों के लिए चेतावनी है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि राजनांदगांव जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। पुलिस की यह सख्त नीति महिलाओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षा और कानून के प्रति भरोसा बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगे भी जिले में अवैध शराब और अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। मुखबिरों और स्थानीय लोगों से पुलिस ने सहयोग की अपील की है ताकि सभी अवैध गतिविधियों को रोकने में मदद मिल सके। डोंगरगांव पुलिस की यह कार्रवाई अपराध और अवैध शराब के कारोबारियों के लिए उदाहरण है और स्पष्ट संदेश देती है कि जिले में कानून का शासन कायम रहेगा।
Tags: