Raigarh. रायगढ़। जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना रायगढ़ पुलिस को सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से इनकार करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी खरसिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शादी का वादा कर युवती से बढ़ाई नजदीकियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को एक 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह सागर पटैल को काफी समय से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और युवती भी आरोपी को पसंद करने लगी। युवती ने जब आरोपी को बताया कि उसके परिजन इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं हैं, तब भी आरोपी ने उससे शादी करने की बात कही। शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी युवती के घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

बिलासपुर के मंदिर में सिंदूर भरकर शादी का किया दावा
युवती की शिकायत के मुताबिक, आरोपी अगले दिन उसे शादी करने की बात कहकर ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में आरोपी ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी हो जाने की बात कही। इसके बाद वह युवती को अपने घर लेकर आ गया। युवती आरोपी के घर पर रहने लगी। इस दौरान जब युवती के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शादी करने को लेकर बातचीत की। हालांकि, शिकायत के अनुसार आरोपी लगातार शादी की बात को टालता रहा।

शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि परिजनों द्वारा शादी के लिए बातचीत करने के बावजूद आरोपी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा था। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि जब उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाया गया तो आरोपी ने जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इस घटना के बाद युवती ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया।

खरसिया में दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना रायगढ़ की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को खरसिया रवाना किया गया। टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सागर पटैल उर्फ छोटु, पिता सेतराम पटैल, उम्र 22 वर्ष, निवासी खरसिया थाना क्षेत्र को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत और आरक्षक रविन्द्र गुप्ता (थाना साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिला संबंधी अपराधों में पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस ने बताया कि “अभियान संवेदना” के तहत महिलाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
Tags: