Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कोटा ब्लॉक के शिवतराई रोड स्थित सरैया गांव में मिले युवक के जले हुए शव की पहचान तीसरे दिन भी नहीं हो सकी है। इस सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी लगातार उलझती जा रही है। पुलिस को आशंका है कि शव मुंगेली जिले से लापता कियोस्क संचालक मिथिलेश वर्मा का हो सकता है। हालांकि, शव का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जल जाने के कारण परिजन उसकी पहचान करने से इनकार कर रहे हैं। घटनास्थल से लापता युवक की बाइक और रियलमी ईयरबड मिलने के बावजूद मृतक की पहचान को लेकर संशय बना हुआ है। अब पुलिस डीएनए जांच के जरिए मृतक की पहचान सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है।

90 प्रतिशत से अधिक जला शव, पहचान बनी चुनौती
जानकारी के अनुसार, कोटा ब्लॉक के सरैया गांव में युवक का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस को संदेह है कि मृतक मुंगेली निवासी 33 वर्षीय कियोस्क संचालक मिथिलेश वर्मा हो सकता है, जो लापता है। पुलिस के संदेह को उस समय बल मिला, जब फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से एक बाइक और रियलमी कंपनी के ईयरबड मिले। इन दोनों सामानों के बारे में लापता युवक के परिजनों ने जानकारी दी थी। हालांकि, इन साक्ष्यों के मिलने के बावजूद परिजन शव की पहचान की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

DNA जांच से खुलेगा मृतक की पहचान का राज
पुलिस अब मृतक की पहचान पुख्ता करने के लिए डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है। परिजनों के आने की उम्मीद में घटना के 48 घंटे बाद तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका था। अब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर मेडिको लीगल प्रक्रिया के तहत डीएनए जांच के लिए आवश्यक सैंपल सुरक्षित किए जाएंगे। फोरेंसिक टीम को जले हुए शव की कुछ हड्डियां सुरक्षित मिली हैं। इन्हीं हड्डियों से सैंपल लेकर मुंगेली के लापता युवक मिथिलेश वर्मा के परिजनों के ब्लड सैंपल से मिलान कराया जाएगा। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शव मिथिलेश वर्मा का है या किसी अन्य व्यक्ति का। सुपर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. बीपी सिंह के अनुसार, आग में बुरी तरह जलने के बावजूद शरीर की कुछ बड़ी हड्डियां सुरक्षित रह सकती हैं। इनमें फीमर, टिबिया और जबड़े की हड्डियां शामिल हैं। डीएनए प्रोफाइल तैयार करने के लिए संदेही मृतक के माता-पिता के सैंपल की भी आवश्यकता होगी। इस प्रक्रिया में लगभग 10 से 15 दिन लग सकते हैं।

घटनास्थल से मिले कई अहम सुराग
सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इनमें जीआई तार, एक पेंचिस, जले हुए मोबाइल की स्क्रीन, ईयरबड, बाइक, पानी की बोतल और एक डिस्पोजल में आधा गिलास पानी शामिल हैं। पुलिस इन सभी साक्ष्यों को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी मानकर आगे बढ़ रही है। हालांकि, घटनास्थल पर बारिश होने के कारण फुटप्रिंट और गंध सहित कई अन्य साक्ष्य प्रभावित हो गए हैं। इससे जांच में अतिरिक्त चुनौतियां सामने आ रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटनास्थल पर मिले सामान का हत्या से क्या संबंध है और लापता युवक की बाइक वहां कैसे पहुंची।

CCTV फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हुई हैं। एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के साथ एसीसीयू प्रभारी एवं सीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। टेक्निकल टीम आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान एक फुटेज में लापता मिथिलेश वर्मा दिखाई दिया है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर उसकी गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा मिथिलेश के मोबाइल नंबर की कॉल लॉग हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। पुलिस विशेष रूप से उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिन पर आखिरी बार संपर्क किया गया था। परिजनों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ जारी है।

पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद की जांच
पुलिस हत्या के पीछे संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। जांच में पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। हालांकि, अभी तक हत्या के वास्तविक कारण और मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और डीएनए जांच के आधार पर मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरैया गांव में मिला जला हुआ शव आखिर किसका है और उसकी हत्या किसने तथा क्यों की। पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों से इस रहस्यमयी हत्याकांड का खुलासा हो सकेगा।
Tags: