बंजारी घाट सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-27 15:53 GMT
Dantewada. दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी घाट इलाके में 11 जून 2026 को हुए सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोपों के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, महासमुंद निवासी 25 वर्षीय ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू ट्रक लेकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाटी के पास उसकी ट्रक और एक मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जो बाद में तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया।
जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज कार चालक सागर हेमला (उम्र 42 वर्ष), निवासी गंगालूर बेस कैंप, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर पर आरोप है कि उसने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही वाहन क्षति के नाम पर पैसों की मांग करने और पैसे न देने पर जान से मारने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के अगले दिन ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू ने गीदम थाना क्षेत्र में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें उसने अपने परिजनों, विशेषकर अपनी मां से माफी मांगी और भावुक संदेश छोड़े। उसने ट्रक मालिक को भी संदेश भेजा।
वीडियो में ट्रक चालक ने आरोप लगाया था कि दुर्घटना के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। उसने यह भी स्पष्ट किया था कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी, बल्कि वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला सड़क दुर्घटना से शुरू होकर गंभीर आपराधिक विवाद में बदल गया, जिसमें मानसिक दबाव, धमकी और कथित दुर्व्यवहार जैसे आरोप सामने आए हैं। पुलिस अब सोशल मीडिया वीडियो, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल के साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर इस घटना ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि सड़क हादसे के बाद विवाद बढ़ने से एक व्यक्ति की जान चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दोनों पक्षों के बीच समझौता या कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाती तो स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे किन परिस्थितियों ने सबसे अधिक भूमिका निभाई।
Tags:    

Similar News