15 अगस्त पर रायपुर में बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस ने जारी किया रुट मैप
छग
Raipur. रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के मुख्य समारोह को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में यातायात और पार्किंग व्यवस्था जारी कर दी है। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड की सलामी ली जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुगम और सुरक्षित यातायात संचालन के लिए मार्ग, डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और कार्यक्रम स्थल के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अलग-अलग वाहन पास के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की है।
लाल कार पास वालों के लिए VIP पार्किंग
लाल कार पासधारी आमंत्रित अतिथि अपने वाहन लेकर PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, PWD कॉलोनी, MT वर्क्स शॉप गेट और वायरलेस ऑफिस के सामने से होते हुए मंच के पीछे स्थित VIP पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। यहां उनके वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
हरे कार पासधारी वाहनों की पार्किंग
हरा वाहन पास रखने वाले अतिथि PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस और RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में अपने वाहन खड़े करेंगे। इसके बाद वे निर्धारित मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
बिना पास वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
जिन वाहन चालकों के पास कार पास नहीं होगा, उनके लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद दर्शक और वाहन चालक RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचेंगे।
स्कूल बसों के लिए विशेष व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। स्कूल बसें पुलिस लाइन के पिछले गेट यानी धमतरी गेट से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध और डायवर्सन
समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कार्यक्रम समाप्त होने तक इन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें और पुलिस जवानों के निर्देशों का पालन करें। परेड ग्राउंड के आसपास मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।
मीडिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस समारोह की कवरेज के लिए आने वाली मीडिया OB वैन को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। OB वैन को हेलीपेड के पास निर्धारित स्थान पर पार्क किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से पुलिस परेड ग्राउंड के अंदर कई वस्तुओं को ले जाना प्रतिबंधित किया गया है। इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, पटाखे, हथियार, चाकू, तलवार, कैंची, ब्लेड, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो, गुब्बारे, गेंद और पालतू जानवर शामिल हैं। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम स्थल पर समय से पहले पहुंचे और निर्धारित पार्किंग स्थल से पैदल प्रवेश करें। पुलिस ने कहा है कि VIP मार्ग को बाधित न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों, विद्यार्थियों, अतिथियों और प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना यातायात पुलिस की प्राथमिकता है।