SURAJPUR सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ही रात में दो अलग-अलग घटनाओं में हाथियों के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है। हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में अपनी जान और फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हाथी के हमले की पहली घटना प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर में हुई। यहां कबरा कान वाले हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट अंतर्गत सोनपुर में सामने आई। यहां भी एक हाथी ने ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया।
बताया गया कि ग्राम पंचायत सोनपुर के पण्डोपारा निवासी 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय अपने घर के पास धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथी वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में मट्टूलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही रात में दो लोगों की जान जाने से ग्रामीणों में हाथियों को लेकर भय और बढ़ गया है।
जिले में लगातार हो रही हाथियों के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। खेतों में खड़ी धान की फसल की रखवाली करना भी लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।