Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली में आयोजित सात दिवसीय व्यापार मेले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पहुंचकर आम नागरिकों को पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने, बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और सुरक्षित तरीके से मेले का आनंद लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुंगेली पुलिस के विशेष अभियान ‘पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के अंतर्गत साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पुलिस ने मेले में पहुंचे विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों को लगभग 3000 जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए।
नगर के शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम, बीआर साव स्कूल मैदान में आयोजित मुंगेली व्यापार मेले में 28 नवंबर 2026 की रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल शामिल हुए। लगातार तीसरे वर्ष इस आयोजन में पहुंचे एसएसपी ने मुंगेली की पावन धरती को नमन किया। उन्होंने व्यापार मेले के आयोजन के लिए स्टार ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
मेले में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि रिश्ते केवल खून से नहीं बनते, बल्कि उन्हें समय देना पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों के साथ अधिक समय बिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ ऐसे आयोजनों में शामिल होने से आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने और जीवन में खुशियां बढ़ाने का अवसर मिलता है। एसएसपी ने वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मेले और झूले केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि तनावमुक्त होकर जीवन को खुलकर जीने और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने का माध्यम भी हैं। उन्होंने नागरिकों से परिवार सहित सुरक्षित एवं आनंदपूर्वक व्यापार मेले का भ्रमण करने की अपील की।
बच्चों की प्रतिभा को निखारने पर जोर देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक घर में कला और हुनर मौजूद होता है। बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे आगे बढ़ाने में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि माता-पिता के सहयोग और अवसर मिलने के कारण ही वे रायगढ़ जिले से निकलकर आईपीएस अधिकारी बन सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मुंगेली व्यापार मेले का मंच आने वाले समय में कई प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ श्लोक के माध्यम से सभी नागरिकों के स्वस्थ, सुखद और खुशहाल जीवन की कामना की।
इसी क्रम में मुंगेली पुलिस ने विशेष अभियान ‘पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और पुरुषों सहित सभी वर्गों के नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लगभग 3000 जागरूकता पाम्पलेट वितरित कर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश और ऑनलाइन लालच के झांसे में नहीं आने की अपील की। इसके साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। मुंगेली पुलिस का उद्देश्य व्यापारिक और मनोरंजन संबंधी आयोजनों के माध्यम से नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। व्यापार मेले में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक जुड़ाव और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया गया।
Tags: