दीपावली की रात पटाखों को लेकर खूनी विवाद, महिला के पैर पर चाकू से किया वार
छग
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हो गया। घर के आंगन में पटाखे फोड़ने से मना करने पर एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर महिला से गाली-गलौज और मारपीट की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला के पैर पर चाकू से वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के भाई और भतीजे के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रियापारा चांदामारी निवासी रूखसार खान (30) ने बताया कि दीपावली की रात उसके छोटे बच्चे घर के आंगन में पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान रामभांठा निवासी रहमत अली अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक शराब के नशे में महिला के घर के आंगन में पटाखे फोड़ने लगा।
रूखसार ने जब उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया। उसने महिला के साथ गाली-गलौज और धक्कामुक्की की। आवाज सुनकर महिला का भाई रिहान खान और भतीजा अरमान खान बीच-बचाव करने पहुंचे।
बीच-बचाव करने पर चाकू से किया हमला
आरोप है कि रहमत अली और उसके साथियों ने रिहान के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। महिला और उसके भतीजे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तभी रहमत अली ने अपने पास रखे चाकू से रूखसार के पैर पर वार कर दिया। इससे महिला घायल हो गई। आरोपियों ने रिहान को भी दौड़ाया, जिसके बाद उसने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। मारपीट में महिला के भाई रिहान और भतीजे अरमान को भी चोटें आईं। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।