छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक
Shantanu Roy
13 Aug 2026 3:03 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का अवसर है। गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदेश पुलिस के 12 अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट सेवा पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी। अब इन पदकों का वितरण स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक प्रदान करेंगे। इस सम्मान के लिए चयनित अधिकारियों ने पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया है।
रामावतार सिंह राजपूत को मिलेगा विशिष्ट सेवा पदक
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को प्रदान किया जाएगा। वे रक्षित केंद्र जिला धमतरी में पदस्थ हैं। पुलिस विभाग में लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवाएं देने और जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन के लिए उनका चयन किया गया है।
11 अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवाओं के लिए 11 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक एटीएस, विशा पुलिस मुख्यालय रायपुर राजश्री मिश्रा को भी यह सम्मान मिलेगा। वहीं निवेदिता पाल सेनानी 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रायगढ़ और मनीषा ठाकुर रावटे सेनानी 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। सम्मान पाने वाले अन्य अधिकारियों में तारकेश्वर पटेल अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जिला पुलिस मध्य, पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय, उनैजा खातून अंसारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशा पुलिस मुख्यालय रायपुर, जयलाल मरकाम सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई और हजारी लाल साहू प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने जताई खुशी
राष्ट्रपति पदक की घोषणा को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा का विषय है। ऐसे सम्मान से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य करने और जनता की सेवा के प्रति और अधिक समर्पित रहने का उत्साह मिलता है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में होने वाले सम्मान कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
Next Story





