बलरामपुर। जिला मुख्यालय बलरामपुर के धनंजय ज्वेलर्स में हुई चोरी के आरोपी की संदिग्ध परिस्थिति में पुलिस हिरासत में मौत हो गई। मृतक उमेश सिंह मूलतः सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना का रहने वाला था। उसे आठ अन्य आरोपियों के साथ चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
बलरामपुर पुलिस रविवार भोर को उसे लेकर वापस थाने लौट रही थी। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी। उसे तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल में पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मृतक, सिकलसेल बीमारी से ग्रसित था।
बता दें कि जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित धनंजय ज्वेलर्स में पिछले दिनों लाखों की चोरी हुई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने कुल नौ लोगों को हिरासत में लेकर चोरी का सामान भी बरामद किया गया था। इनमें घटना में शामिल चोरों के अलावा चोरी का सामान खरीदने और खपाने में मदद करने वाले भी शामिल थे। इन्हीं में ग्राम नकना के उमेश सिंह को भी हिरासत में लिया गया था।