Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने 15 अक्टूबर 2025 को जारी परीक्षा कैलेंडर में जिन तिथियों को आरक्षित रखा था, उनके अंतर्गत अब शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां स्पष्ट कर दी हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में सहूलियत मिलेगी। जारी विज्ञप्ति के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों पर आयोजित की जाएंगी। सहायक शिक्षक पद के लिए परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। शिक्षक (मिडिल स्कूल) पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की गई है, जबकि व्याख्याता (लेक्चरर) पद के लिए परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
व्यापम द्वारा तिथियों की घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को अब स्पष्ट समय-सीमा मिल गई है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी अपने अध्ययन कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से अंतिम चरण में पहुंचा सकेंगे। मंडल ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश पत्र जारी होने की सूचना एवं अन्य महत्वपूर्ण अपडेट के लिए व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से पूर्व निर्धारित समय पर ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।