Raipur. रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल के रायपुर स्टेशन पर मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्य प्रगतिशील हैं। इन विकास कार्यों के दौरान यात्री परिचालन प्रभावित न हो तथा यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से मिलती रहें, इसके लिए रेलवे द्वारा लगातार आवश्यक व्यवस्थाएं एवं वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यात्रियों के सुगम आवागमन एवं उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में स्टेशन के शहर साइड स्थित मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-02 पर निर्माण कार्य के लिए घेराबंदी की गई है । यह व्यवस्था स्टेशन के पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा करने के लिए की गई है।
आरक्षित टिकट वाले यात्री इस मार्ग से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सीधे या फुट ओवर ब्रिज (FOB) का उपयोग करते हुए अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म तक पहुंचकर अपनी ट्रेन में सवार हो सकते हैं। अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री आरक्षण केंद्र भवन में स्थित अनारक्षित टिकट केंद्र (UTS), ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा रेलवन ऐप के माध्यम से अपना अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित मार्ग से अपने प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं। तेलघानी नाका साइड से रायपुर स्टेशन आने वाले यात्री अपने दो पहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क कर सकते हैं। यात्रियों के आवागमन के लिए रेलवे आरक्षण केंद्र भवन के पास एक अस्थायी मुख्य प्रवेश और निकास द्वार बनाया गया है।
एक्सप्रेस-वे की ओर से रायपुर स्टेशन आने वाले यात्री अपने चार पहिया वाहन स्टेशन के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क कर सकते हैं। इसके पश्चात गेट नंबर-01 से स्टेशन परिसर में सीधे प्रवेश कर सकते हैं। यह सभी परिवर्तन अस्थाई रूप से किया जा रहे हैं यात्रियों की सुविधा एवं आवश्यकता अनुसार अन्य परिवर्तन भी किए जाएंगे। यात्रियों से सहयोग की अपील है निर्माणाधीन कार्यस्थलों के आसपास यात्रियों एवं आम नागरिकों का प्रवेश सुरक्षा की दृष्टि से वर्जित है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे निर्माण क्षेत्र में प्रवेश न करें तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण का यह कार्य यात्रियों को भविष्य में बेहतर, आधुनिक एवं सुविधाजनक स्टेशन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए रेलवे द्वारा यात्रियों एवं आम नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। यात्रियों से अनुरोध है कि रेलवे द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का पालन करें, निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का ही उपयोग करें तथा अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाएं।
Tags: