Durg. दुर्ग। जमीन खरीदकर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का भरोसा देकर 10 लाख 1 हजार रुपये लेने और बाद में उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति को बेचने के आरोप में मोहन नगर पुलिस ने एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38), निवासी मैत्री नगर रिसाली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक
शांति नगर निवासी
विजय सिंह चौहान (53) ने 14 सितंबर 2026 को मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में उनकी पहचान अजय साहू से हुई थी। अजय ने खुद को जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा बताते हुए विजय का परिचय लोकेश खुल्लर और अमित साहू से कराया था।

आरोप है कि तीनों ने विजय को उरला क्षेत्र में स्थित करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन दिखाई। उन्हें बताया गया कि इस जमीन में निवेश करने पर कम समय में अच्छा मुनाफा हो सकता है। जमीन का क्षेत्रफल अधिक होने के कारण विजय ने अकेले इसे खरीदने में असमर्थता जताई। इसके बाद लोकेश खुल्लर ने कथित तौर पर आधी जमीन खुद खरीदने और बाकी हिस्से में विजय के साथ साझेदारी करने की बात कही। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने जमीन मालिकों से मुलाकात कराई और 1,250 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से सौदा तय कराया। जमीन को लेकर 7 अक्टूबर 2024 को इकरारनामा तैयार कराया गया। रजिस्ट्री से पहले जमीन का सीमांकन कराने और मौके पर मौजूद बिजली के खंभे को हटवाने की जिम्मेदारी लोकेश खुल्लर ने लेने की बात कही थी।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों के कहने पर उसने 3 अक्टूबर 2024 को अमित साहू को 51 हजार रुपये दिए। इसके बाद 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम पांच लाख और साढ़े चार लाख रुपये के दो चेक दिए गए। इस तरह कुल 10 लाख 1 हजार रुपये का भुगतान किए जाने का दावा शिकायत में किया गया है। आरोप है कि रकम मिलने के बाद निर्धारित समय में न तो जमीन का सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हुई। शिकायतकर्ता जब भी इस संबंध में जानकारी मांगता, उसे सीमांकन और बिजली का खंभा हटाने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करने की बात कहकर समय दिया जाता रहा। बाद में विजय को जानकारी मिली कि जिस जमीन का उनके साथ सौदा किया गया था।

उसे कथित तौर पर अधिक कीमत पर किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर रजिस्ट्री भी करा दी गई है। इसके बाद उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन पैसे नहीं लौटाए जाने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जमीन से जुड़े दस्तावेज, इकरारनामा और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश
कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जमीन से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड को जांच में लिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस ने लोगों से जमीन या दूसरी संपत्ति खरीदने से पहले स्वामित्व, सीमांकन, पंजीयन और संबंधित दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन करने की अपील की है। साथ ही कम समय में अधिक मुनाफे के प्रलोभन में बिना दस्तावेजी जांच के बड़ी रकम का लेन-देन नहीं करने की सलाह दी गई है।
Tags: