Bilaspur. बिलासपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर किया जा रहा है। इसके पश्चात स्वच्छता पखवाड़ा 01 से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इस अवधि के दौरान विभिन्न स्वच्छता, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना, नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना, कचरे के उचित प्रबंधन एवं पृथक्करण को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेलवे परिवेश तैयार करना है।
अभियान के दौरान दिनांक 17 एवं 18 सितम्बर 2026 को रेलवे स्कूलों एवं कॉलोनियों में विद्यार्थियों एवं युवाओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए रेलवे की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुविधाओं का भ्रमण, संवाद, वाद-विवाद, चित्रकारी प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनाँक 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को कचरा संवेदनशील स्थलों एवं क्लीन्लिनेस टारगेट यूनिट्स (सीटीयूस) की विशेष सफाई कर उनका सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। साथ ही सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
दिनाँक 21 एवं 22 सितम्बर 2026 को “स्वच्छ स्टेशन–स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थान” अभियान के अंतर्गत स्टेशनों एवं चयनित ट्रेनों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ट्रेनों में शौचालय, कोच की स्वच्छता, लिनेन तथा ऑनबोर्ड हाउस कीपिंग (ओबीएचएस) एवं पैन्ट्रीकार की स्वच्छता का निरीक्षण किया जाएगा। स्टेशनों पर सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन तथा प्लास्टिक मुक्त प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दिया जाएगा।
दिनाँक 23 एवं 24 सितम्बर 2026 को जनभागीदारी के तहत रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जागरूकता अभियान, होम कोंपोस्टिंग एवं बायो-कोंपोस्ट के प्रति जागरूकता, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने तथा कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रम होंगे। साथ ही जीरो-वेस्ट खेल प्रतियोगिताएं तथा “नेकी की दीवार” एवं आरआरआर संग्रह केंद्रों के माध्यम से पुनः उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
दिनाँक 25 एवं 26 सितम्बर 2026 को जीरो-वेस्ट थीम पर स्काउट गाइड एवं स्कूली बच्चों द्वारा खेल के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। 27 सितम्बर को विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान, थीम आधारित ब्रांडिंग तथा यात्रियों को जिम्मेदार पर्यटन एवं नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा। दिनाँक 28 एवं 29 सितम्बर 2026 को “स्वच्छता से समृद्धि” की अवधारणा के तहत “कबाड़ से कला” एवं अनुपयोगी रेलवे सामग्री से उपयोगी वस्तुएं बनाने की कला को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दिनाँक 30 सितम्बर 2026 को “सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर” आयोजित कर सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच, पीपीई किट एवं सुरक्षा सामग्री का वितरण तथा विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं स्वच्छाग्रहियों का सम्मान भी किया जाएगा। अभियान के दौरान दिनाँक 01 अक्टूबर 2026 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम में रेलकर्मियों, उनके परिवारों एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
Tags: