Surajpur. सूरजपुर। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब पर नियंत्रण के लिए सूरजपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान छेड़ दिया है। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतर्राज्यीय शराब तस्करों समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में कुल 759 नग अंग्रेजी शराब, 12 लीटर महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल व कारों सहित करीब 1 लाख 17 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, 3 मार्च 2026 को थाना चांदनी पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि चार व्यक्ति दो मोटर सायकल में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर मध्यप्रदेश से ठाड़पाथर बिक्री के लिए आ रहे हैं। पुलिस ने ग्राम बिहारपुर पुरानटोला में घेराबंदी कर मोटर सायकल क्रमांक सीजी 15 सीआर 6391 सहित संतकुमार सिंह (19) और मिर्जा प्रसाद (26) को पकड़ा, जिनके कब्जे से 188 नग अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसी क्रम में दूसरी मोटर सायकल क्रमांक सीजी 15 डीजेड 8876 सहित रामलगन सिंह (23) व लवकुश पाण्डेय (21) को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 188 नग अंग्रेजी शराब जब्त की गई। दोनों ही मामलों में आबकारी एक्ट 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार, 2 मार्च 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस ने चेक प्वाइंट पर सेन्ट्रो कार क्रमांक सीजी 13 सी 1907 को जांचा।
कार में कामेश्वर सिंह (20) व दिलबोधन सिंह (30) मिले, जिनके कब्जे से 350 नग गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई और कार सहित दोनों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, चौकी बसदेई पुलिस ने मुखबीर सूचना के आधार पर ग्राम जूर के बिहारीलाल साहू (55) को 9 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। ग्राम चोपन निवासी गौरी के कब्जे से भी 8 नग गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई। थाना सूरजपुर और थाना भटगांव पुलिस ने अन्य अभियुक्तों से भी अंग्रेजी और महुआ शराब जब्त की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। इसमें ग्राम नावाटोला निवासी रामप्रकाश विश्वकर्मा, पम्पानगर के अमन सिंह और ग्राम गोरखनाथपुर के विकास सिंह व शिवचरण पोर्ते शामिल हैं। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि अवैध शराब तस्करी और सार्वजनिक उपद्रव को रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध शराब की गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस व्यापक अभियान ने होली से पहले जिले में सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया है और अवैध शराब पर नकेल कसने में पुलिस की सक्रियता को दर्शाया है।