रायपुर: राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। तेलीबांधा थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस शोएब ढेबर को देर रात मेमन समाज के कार्यक्रम से थाने लेकर पहुंची। यहां सेंट्रल जोन के ACP, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस ने इससे पहले जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था।
आरोपी होटल में सिक्योरिटी गार्ड है। आरोप है कि उससे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को धमकी देकर ब्लैकमेल करने के लिए फोन करवाया गया था। इसके बदले उसे 25 करोड़ रुपए दिए जाने की बात सामने आई है। फिरौती के लिए इंटरनेट कॉल करने के लिए शोएब ढेबर ने हॉटस्पॉट दिया था। दरअसल, पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप ट्रेस कर जांजगीर-चांपा निवासी युवक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। ऐसे में रायपुर पुलिस ने शनिवार रात शोएब ढेबर को हिरासत में लिया।
जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे को हिरासत में लिया है। इसके अलावा पुलिस ने होटल के तीन कर्मचारियों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने की पूरी साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए शोएब ढेबर से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।