छत्तीसगढ़ में बदल सकता है सियासी नक्शा, अब होंगे 135 विधायक और 17 सांसद! संसद के विशेष सत्र पर टिकी निगाहें
महिला नेतृत्व को मिलेगा बड़ा अवसर
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजनीतिक तस्वीर में आने वाले वर्षों में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत देशभर में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक इजाफा करने की तैयारी है। यदि यह प्रस्ताव संसद से पारित होकर लागू होता है तो छत्तीसगढ़ में विधानसभा की सीटें 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा की सीटें 11 से बढ़कर 17 हो सकती हैं।
केंद्र सरकार की इस पहल से प्रदेश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का विस्तार होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 45 अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र और छह अतिरिक्त संसदीय क्षेत्र बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में भी सरकार आगे बढ़ रही है।
छत्तीसगढ़ में बन सकते हैं 45 नए विधानसभा क्षेत्र
वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें 51 सीटें सामान्य वर्ग, 10 सीटें अनुसूचित जाति और 29 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। केंद्र सरकार के प्रस्तावित फार्मूले के अनुसार यदि विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है तो सदन की सदस्य संख्या 135 तक पहुंच सकती है। निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से प्रदेश के कई इलाकों को अलग राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना रहेगी। बड़े विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव होने से जनप्रतिनिधियों के कार्यक्षेत्र में भी परिवर्तन आ सकता है। नई सीटों के गठन से राजनीतिक दलों के सामने नए चुनावी समीकरण बनेंगे। संगठनात्मक विस्तार के साथ ही नए उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारने के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
लोकसभा में बढ़ सकती है छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी
प्रदेश में फिलहाल 11 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। प्रस्तावित सीट वृद्धि के आधार पर इनकी संख्या करीब 17 तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसा होने पर संसद के निचले सदन में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों की संख्या में छह सदस्यों का इजाफा हो सकता है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 निर्धारित करने की व्यवस्था शामिल है। इनमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। सरकार की योजना सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटों की संख्या बढ़ाने की है, जिससे परिसीमन के बाद राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन प्रभावित न हो।
वर्ष 2051 तक प्रतिनिधित्व का अनुपात सुरक्षित रखने की तैयारी
परिसीमन से संबंधित प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के वर्तमान अनुपात को वर्ष 2051 तक बरकरार रखने की व्यवस्था भी शामिल बताई गई है। इसके अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाओं में परिवर्तन किया जा सकेगा, लेकिन राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाएगा। प्रस्तावित परिसीमन के लिए वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों का उपयोग किए जाने की बात सामने आई है।
महिला नेताओं के लिए खुलेंगे राजनीति के नए दरवाजे
केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधनों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। वर्ष 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित किया था। इस कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। हालांकि, इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया था। यदि छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य संख्या बढ़कर 135 होती है और एक-तिहाई महिला आरक्षण लागू किया जाता है, तो महिलाओं के लिए 45 विधानसभा सीटें आरक्षित हो सकती हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में महिला नेतृत्व को व्यापक अवसर मिलने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने फैसले का किया स्वागत
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि लंबे समय से इस बदलाव का इंतजार किया जा रहा था। तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, प्रस्ताव लागू होने पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ेगी, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के विकास को बेहतर दिशा मिल सकेगी। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल सवाल उठाने के अलावा कुछ नहीं कर सकता।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, विधेयक पर रहेगी नजर
केंद्रीय मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद अब परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों को संसद में प्रस्तुत करने की तैयारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से शुरू होगी। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी केंद्र सरकार ने संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में प्रस्तुत किया था। हालांकि, आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था। संविधान संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत आवश्यक होता है। ऐसे में आगामी विशेष सत्र में सरकार और विपक्ष की रणनीति महत्वपूर्ण रहेगी। प्रस्ताव पारित होने की स्थिति में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के राजनीतिक समीकरणों में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।