PWD सचिव के तल्ख तेवर! खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश; यहां एक नजर में देखें सभी निर्देश
स्वीकृत निविदाओं के कार्यादेश 15 दिनों में होंगे जारी
रायपुर : छत्तीसगढ़ में सड़क, पुल और शासकीय भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के कार्यों पर अब विभागीय अधिकारी कड़ी नजर रखेंगे। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रगति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को दोबारा कराया जाए और स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके लिए सभी मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन मैदानी क्षेत्रों में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने को कहा गया है। वहीं, जिन कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश 15 दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रफ्तार पर विशेष फोकस
मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभाग के पांचों परिक्षेत्रों सहित सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में प्रदेशभर में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों की वर्तमान स्थिति के साथ नई परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को निर्माण के लिए अनुकूल मौसम का अधिकतम उपयोग करते हुए परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्माण सामग्री और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दफ्तरों तक सीमित नहीं रहेंगे अधिकारी
निर्माण परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और गुणवत्ता की निगरानी मजबूत करने के लिए सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर पहुंचकर अधिकारी कार्यों की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण करें। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता स्तर तक के अधिकारियों की नियमित बैठक लेकर परियोजनाओं की समीक्षा की जाए। ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की सघन निगरानी के साथ उनके नियमित भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
स्वीकृत निविदाओं के कार्यादेश 15 दिनों में होंगे जारी
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने नई परियोजनाओं को शुरू करने में होने वाली देरी दूर करने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिन निर्माण कार्यों की निविदा स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्यादेश संबंधित ठेकेदारों और चयनित एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत परियोजनाओं की लंबित निविदा प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा करने को कहा गया है। सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण परियोजनाओं में भौतिक और वित्तीय प्रगति बेहतर हो, ताकि स्वीकृत कार्यों को समय पर शुरू और पूरा किया जा सके।
खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश
बैठक के दौरान गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण को लेकर सचिव ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित हिस्सों में खराब निर्माण को सुधारने के निर्देश दिए। इसके अलावा कबीरधाम जिले के परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने को कहा। सचिव ने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए। निर्माण सामग्री के मानकों और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निर्माण परियोजनाओं की बाधाएं दूर करने पर जोर
बैठक में केवल निर्माण कार्यों की प्रगति ही नहीं, बल्कि परियोजनाओं से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई। सचिव ने जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन और न्यायालयीन मामलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही विभाग में लंबित अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। निर्माण परियोजनाओं से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समीक्षा के साथ विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और समयबद्ध प्रगति पर जोर दिया गया।
जन शिकायतों के निराकरण की भी हुई समीक्षा
लोक निर्माण विभाग से संबंधित आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की स्थिति भी बैठक के एजेंडे में शामिल रही। सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (CPGRAMS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग की इस समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नियमित मैदानी निरीक्षण, निविदाओं के समयबद्ध निष्पादन और खराब निर्माण को दोबारा कराने पर विशेष जोर दिया गया। अब इन निर्देशों के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन से ही निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति में होने वाले सुधार का आकलन किया जा सकेगा।
PWD सचिव के प्रमुख निर्देश एक नजर में
मुख्य अभियंताओं का मैदानी निरीक्षण2 दिन प्रति सप्ताह
स्वीकृत निविदाओं के कार्यादेश15 दिनों के भीतर
निर्माण कार्यों की प्राथमिकतागुणवत्ता और गति
गुणवत्ताहीन निर्माणदोबारा निर्माण
खराब सड़कों के हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाना
ठेकेदारों के कार्यों की सघन निगरानी
लंबित निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करना
ठेकेदारों को नियमित भुगतान
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना
जन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा