Surguja. सरगुजा। सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान के पास से एक करोड़ रुपए के आभूषणों से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सरगुजा पुलिस ने मामले में शामिल दूसरे आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
स्कूटी से चोरी हुआ था जेवरों से भरा बैग
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर थाना क्षेत्र में कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान के संचालक अरुणदेव सोनी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी ज्वेलर्स दुकान है। घटना वाले दिन सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी स्कूटी से दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने स्कूटी पर ज्वेलरी का बैग रखा और दुकान का शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई थी।
पहले आरोपी से 46 लाख के जेवर बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चोरी के करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 43 लाख रुपए, और करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए है, बरामद किए गए। कुल मिलाकर करीब 46 लाख रुपए कीमत के आभूषण पुलिस ने जब्त किए थे। इस मामले में आरोपी दास नागेश्वर को पहले गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
ओडिशा से पकड़ा गया दूसरा आरोपी
पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने जिला जाजपुर, ओडिशा से आरोपी शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू पिता काली प्रधान, उम्र 30 वर्ष, निवासी पुरबो कोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर ओडिशा बताया।
गिरोह बनाकर करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना वाले दिन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह तथा थाना सीतापुर के प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत, आरक्षक मनोहर पैकरा और धनकेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: