Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गोरिल्ला वार तकनीक से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 लाख 28 हजार 420 रुपए नगद, ताश पत्ती और अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
मुखबिर सूचना पर बनाई गई रणनीति
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम तैयार की गई।
घेराबंदी कर जुआ फड़ में रेड
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान की घेराबंदी की और अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 9 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नगदी रकम और ताश पत्ती बरामद की। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में
भैरव मिश्रा उर्फ मोगली (44 वर्ष) निवासी बी महंत उपनगर जांजगीर
अखिलेश राठौर (36 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर
रामनारायण राठौर (55 वर्ष) निवासी भगत चौक जांजगीर
धीरज पाठक (42 वर्ष) निवासी न्यू चंदनीयापारा जांजगीर
राहुल बजाज (37 वर्ष) निवासी केरा रोड जांजगीर
तालिब खान (40 वर्ष) निवासी नैला
अविनाश राठौर (39 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर
मुकेश बजाज (45 वर्ष) निवासी केरा रोड जांजगीर
कृष्ण कुमार चंद्र (38 वर्ष) निवासी न्यू चंदनीयापारा जांजगीर शामिल हैं।
मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि जिस मकान में जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद मकान मालिक के खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।