मुख्यधारा से जुड़ रहे पुनर्वासित युवा, वित्तीय साक्षरता कार्यशाला से बढ़ा आत्मविश्वास

छग

Update: 2026-07-29 18:09 GMT
Sukma. सुकमा। पुनर्वास प्राप्त नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में प्रशासन की पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में बुधवार को पुनर्वास केंद्र में पुनर्वास प्राप्त नक्सलियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय अधिकारों और जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर सुरक्षित एवं बेहतर वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक सत्येन्द्र राठौर, अग्रणी जिला अधिकारी नवीन तिवारी, अग्रणी जिला प्रबंधक मनीष कुमार कुशरो तथा बिलासपुर से कार्तिक राम बाँधेकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। नवीन तिवारी ने कहा कि वित्तीय साक्षरता व्यक्ति को अपनी बचत का बेहतर प्रबंधन करने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बैंकिंग लोकपाल सहित उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यशाला में बैंक खाता खोलने एवं संचालन, बचत की आदत, वित्तीय प्रबंधन, केवाईसी प्रक्रिया, बैंक ऋण, ऋणग्राहकों एवं जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिंग लोकपाल, चिटफंड कंपनियों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों तथा साइबर वित्तीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। समर्पित संस्था के प्रतिनिधि कार्तिक राम बाँधेकर ने प्रतिभागियों को केवल अधिकृत बैंकिंग संस्थानों के माध्यम से ही वित्तीय लेन-देन करने तथा किसी भी संस्था में निवेश से पहले उसके नियामकीय पंजीकरण की पुष्टि करने की सलाह दी।
कार्यशाला में लगभग 80 पुनर्वास प्राप्त नक्सलियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और वित्तीय सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। पुनर्वास प्राप्त युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करने की यह पहल प्रशासन के पुनर्वास एवं समाज की मुख्यधारा में स्थायी रूप से जोड़ने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समर्पित संस्था की ऑफिस इंचार्ज सरिता गंधामी, काउंसलर विकास सोनी, सुनीता सोनी एवं अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
Tags:    

Similar News