Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने प्रेम संबंध में फंसाकर शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक युवती से शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। अब जब गर्भ सातवें महीने में पहुंच गया, आरोपी युवक ने युवती को अपनाने से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर आरंग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी ने प्यार का जाल बिछाकर किया शोषण
आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी युवक का नाम नोमेश कहार है। उसने गांव की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया। आरोपी ने शादी का वादा किया और इसी बहाने उससे कई बार संबंध बनाए। कुछ महीनों बाद युवती गर्भवती हो गई। मामला गांव के लोगों तक पहुंचा तो जब पीड़िता गर्भावस्था के चौथे महीने में थी, उस समय पंचायत बुलाई गई थी। ग्रामीणों के दबाव में आरोपी युवक ने पीड़िता को कुछ समय अपने साथ रखा। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि वह शादी करके युवती को सामाजिक सम्मान देगा। लेकिन समय बीतने के साथ युवक का रवैया बदलता चला गया।
7 माह की गर्भवती, अब आरोपी का इनकार
पुलिस के अनुसार अब जबकि पीड़िता सातवें महीने की गर्भवती है, आरोपी ने उसे अपनाने से साफ मना कर दिया। परेशान युवती ने अपनी पीड़ा आरंग थाने में सुनाई। उसने बताया कि नोमेश ने उसे कई बार धोखा दिया और अब उसे अकेला छोड़ दिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच की और आरोपी नोमेश कहार को गिरफ्तार कर लिया। उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(02) के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह अपराध शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
कानून है सख्त
विशेषज्ञों का कहना है कि शादी का झांसा देकर बनाए गए शारीरिक संबंधों को कानून गंभीर अपराध मानता है। कई बार ऐसे मामलों में आरोपी बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने अपने फैसलों में इसे बलात्कार के समान अपराध माना है। वर्तमान में युवती सात माह की गर्भवती है। ग्रामीणों और पुलिस दोनों का कहना है कि उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है। पुलिस अब मेडिकल जांच रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले को अदालत में पेश करेगी।