रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर के सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर के अंदर घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वाराणसी गया था परिवार, पीछे से घर में चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को वे अपने परिवार के साथ वाराणसी गए थे। इस दौरान घर में ताला लगाकर गए थे। 20 नवंबर को वापस लौटने पर उन्हें घर के अंदर चोरी होने की जानकारी मिली। घर के बाहरी गेट का ताला सुरक्षित था, जबकि अंदर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। उसमें रखी सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नकदी और अन्य सामान गायब थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विवेक पाण्डेय के दिशानिर्देशन और एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
22 वर्षीय युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही श्याम सोना (22 वर्ष), पिता देवी चरण सोना, निवासी मौलीपारा शाम बाजार, थाना तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने चोरी किए गए सामान को घर की छत पर जाने वाली सीढ़ियों के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी।
89 हजार 495 रुपए की संपत्ति बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, नकदी और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 89 हजार 495 रुपए है।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में तेलीबांधा थाना के पीएसआई चंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक राम नारायण पटेल, आरक्षक विंध्यराज और आरक्षक मंजीत का विशेष योगदान रहा।
Tags: