दुर्ग में बारिश से धान खरीदी प्रभावित, 1092 टोकन में सिर्फ 21 पर खरीदी
छत्तीसगढ़
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को हुई बारिश ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में बारिश के कारण खरीदी का काम रोकना पड़ा। पहले से टोकन जारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान अपना धान नहीं बेच सके। अब प्रभावित किसानों को संशोधित टोकन के माध्यम से धान बेचने के लिए नई तारीख दी जाएगी। बारिश के कारण खरीदी केंद्रों में धान की तौलाई और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि, जिन केंद्रों पर बारिश नहीं हुई या धान को सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था थी, वहां खरीदी जारी रही।
1092 टोकन जारी, सिर्फ 21 किसानों का धान बिका
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के 20 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक के ऑनलाइन आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को जिले में धान खरीदी के लिए कुल 1092 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकन के माध्यम से 1371.64 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित था। लेकिन बारिश के कारण महज 21 टोकन पर ही धान की खरीदी हो सकी। इन टोकन के जरिए कुल 83.72 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इस तरह बारिश ने जिले की धान खरीदी व्यवस्था को काफी प्रभावित किया।
123 केंद्रों में चल रही धान खरीदी
आंकड़ों के मुताबिक, दुर्ग जिले में 118 समितियों के अंतर्गत कुल 123 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष के लिए जिले में 6 लाख 34 हजार 261 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के कुल 1 लाख 15 हजार 933 किसानों ने पंजीयन कराया है। अब तक 2929 किसान अपना धान बेच चुके हैं। इनसे कुल 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है, जिसकी कीमत 3030.14 लाख रुपए दर्ज की गई है।
बारिश से बचाने तिरपाल से ढका जा रहा धान
बारिश के बीच खरीदी केंद्रों में पहले से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा रही है। केंद्रों में धान को तिरपाल से ढका जा रहा है, ताकि बारिश के पानी से नुकसान न हो। वहीं, कोलिहापुरी धान खरीदी केंद्र में खाद गोदाम के भीतर धान रखे जाने पर किसान कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।
प्रभावित किसानों को मिलेगी नई तारीख
बारिश के कारण जिन किसानों के टोकन पर धान खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें संशोधित टोकन के माध्यम से नई तारीख उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल मौसम की स्थिति और खरीदी केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं के अनुसार धान खरीदी का संचालन किया जा रहा है। बारिश के कारण धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को अब नई तारीख का इंतजार है।