जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आए वायरल वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे कथित तौर पर रेत-सीमेंट उठवाने और दीवारों पर पलस्तर कराने का मामला सामने आया है। वीडियो में स्कूली बच्चे सफाई और निर्माण कार्य करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में प्रधान पाठक पर बच्चों से मजदूरी कराने के आरोप लगे हैं। शिक्षा विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।


पढ़ाई की जगह बच्चों से कराया जा रहा निर्माण कार्य!
मामला अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोटमीसोनार स्थित बाजार पारा के शासकीय स्कूल का है। आरोप है कि स्कूल की प्रधान पाठक रत्ना सोनी बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय सफाई और निर्माण कार्य करवा रही हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल परिसर में बच्चे रेत-सीमेंट उठाने और दीवारों पर पलस्तर करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वेंटिलेशन से बनाया वीडियो, बच्चों से की बातचीत
जानकारी के अनुसार, वीडियो बनाने वाली महिला ने पहले स्कूल के वेंटिलेशन से बच्चों द्वारा किए जा रहे कार्यों की रिकॉर्डिंग की। इसके बाद उसने बच्चों से बातचीत कर पूरे मामले को सामने लाया। वायरल वीडियो में बच्चे स्कूल परिसर की सफाई करते, रेत-सीमेंट उठाते और दीवारों पर पलस्तर करते दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
DEO ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने जांच कराने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों से किसी भी प्रकार का काम नहीं कराया जाना चाहिए। डीईओ ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित प्रधान पाठक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्चों से निर्माण कार्य कराए जाने के आरोपों ने विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों से किसके निर्देश पर काम कराया जा रहा था और पूरे मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होगी।
Tags: