दिल्ली में पहले SCO फोरम का उद्घाटन, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री पहली बार भारत पहुंचे
देखें लाइव वीडियो.
नई दिल्ली: पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सांस्कृतिक सहयोग और आपसी जुड़ाव से वैश्विक शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है।
PM ने कहा- जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हावी है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है। सांस्कृतिक जुड़ाव वैश्विक शांति के लिए जरूरी है। मोदी ने पुराना किला और भारत की सभ्यतागत विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यहां दी जाने वाली प्रेम और एकता की शिक्षाएं प्राचीन होने के साथ-साथ सार्वभौमिक भी हैं।
20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस फोरम में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। फोरम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं।